लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में हुई बड़ी घोषणाएं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जेपी नड्डा ने कहा- गरीबी मुक्त राजस्थान हमारा लक्ष्य। #WomenEmpowerment #BJP

रिपोर्ट: जयपुर मिरर लाइव न्यूज डेस्क | जयपुर, 31 मई।
जयपुर में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। सम्मेलन में राजस्थान के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत ₹3000 करोड़ की बड़ी स्वास्थ्य सौगात की घोषणा की गई।
जेपी नड्डा का बड़ा बयान — “ऑपरेशन सिंदूर रुका नहीं है”
जयपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान जेपी नड्डा ने कहा,
“ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। चार दिन के अंदर पाकिस्तान को घुटने टेकने पड़े। ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं है, यह निरंतर जारी रहेगा।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना की वीरता और आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई की रणनीति की भी जमकर प्रशंसा की।

अहिल्याबाई होल्कर की विरासत और महिला सशक्तिकरण
कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक और धार्मिक सुधारों की सराहना करते हुए कहा,
“BJP और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपनाकर महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रहे हैं।”
राजस्थान को मिलीं बड़ी स्वास्थ्य और विकास की सौगातें:
- ₹3000 करोड़ का स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर पैकेज
- 63 करोड़ नागरिकों को ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा
- 7.80 लाख महिलाएं बनीं “लखपति दीदी”
- 2.30 लाख बालिकाओं को “लाडो योजना” के तहत ₹1.5 लाख के सेविंग बांड
- स्कूटी वितरण, छात्रवृत्ति और आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन
- गर्भ की पाठशाला योजना और स्वस्थ नारी चेतना अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उद्बोधन के मुख्य अंश:
भजनलाल शर्मा ने कहा,
“प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति, गरीब, महिला, युवा और अन्नदाता सभी का उत्थान हो रहा है। हम 5,000 गांवों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के मिशन पर कार्यरत हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख स्वामित्व कार्ड और 26 हजार पट्टे वितरित किए जा चुके हैं, साथ ही 67,000 से अधिक पदों पर नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं और 1.87 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

भजनलाल शर्मा ने अहिल्याबाई होल्कर के योगदान पर प्रकाश डाला:
“अहिल्याबाई ने 18वीं सदी में नारी शक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने महिला शिक्षा, धर्म और सामाजिक सुधारों को बढ़ावा दिया। काशी विश्वनाथ, सोमनाथ और अन्य तीर्थस्थलों के जीर्णोद्धार में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है।”
सरकार की अन्य उपलब्धियां और योजनाएं:
- प्रदेश में 96,000 से अधिक आवास पूर्ण हुए, 5.48 लाख नए आवास स्वीकृत
- लखपति दीदी योजना के तहत 7.8 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण एवं आर्थिक मदद
- किसान कल्याण के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य बोनस, 76 लाख से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता
- रोजगार मेलों में 65,000 युवाओं को रोजगार, 3 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण
महिला स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल:
कार्यक्रम में लखपति दीदी योजना के तहत 1,800 लाभार्थियों को ऋण, 32,755 बालिकाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत राशि दी गई।
5 कस्तूरबा गांधी बालिका शिक्षा विद्यालय और 2 जनजाति बालिका आश्रम छात्रावासों का लोकार्पण भी किया गया। गर्भ की पाठशाला योजना एवं स्वस्थ नारी चेतना अभियान की शुरुआत से महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम से पहले जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एमएनआईटी परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।




Leave a Reply